नारी सशक्तिकरण

नारी सशक्तिकरण
भारत सरकार एवं विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय निकायों द्वारा किए गए विभिन्न सर्वेक्षणों के अनुसार तथा हमारे स्वयं के अनुभव के आधार पर हम यह पाते हैं कि भारत में पारंपरिक रूप से स्त्रियों को उनके मूलभूत अधिकारों जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यवसाय तथा अन्य समाजिक संसथानों तक पहुंच से वंचित रखा गया था। हालाँकि हाल के दिनों में इसमे उल्लेखनीय सुधार हुआ है, लेकिन इस सुधार की दर बहुत धीमी है और अब संयुक्त राष्ट्र द्वारा सतत् पोषणीय विकास के लक्ष्यों (SDGs) के अंगीकरण के साथ 2030 तक SDG(5) के अनुसार किसी भी प्रकार के लिंग आधारित भेदभाव को समाप्त करना अनिवार्य हो गया हैं। अगम एक नागरिक समाज संगठन (CSO) के रूप में स्त्रियों के विकास में सुधार की दर को तेज करने और समाज में विद्यमान किसी भी प्रकार के लिंग आधारित भेदभाव को समाप्त करने में योगदान देता है।
इस दिशा में हमारे उद्देश्यों में निम्न प्रमुख बिन्दु शामिल हैं -
- जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सभी स्त्रियों और लड़कियों के विरुद्ध सभी प्रकार के भेदभाव को समाप्त करना।
- विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की लड़कियों और स्त्रियों को आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनाने के लिए कार्य करना।
- लड़कियों और स्त्रियों को आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करना ताकि वे इस तेजी से बदलती आधुनिक दुनिया में लड़कों और पुरुषों से पीछे न रहें।
- लड़कियों और स्त्रियों को अपने जीवन, परिवार और समाज से संबंधित विषयों पर निर्णय लेने की प्रक्रियाओं में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करना
- सामान्य जनमानस के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए और लड़कियों तथा स्त्रियों के आर्थिक संसाधनों, चल और अचल संपत्तियों, विरासत, प्राकृतिक संसाधनों और अन्य ऐसे सभी क्षेत्रों, जहां परंपरागत रूप से उन्हें लड़कों और पुरुषों के समान अधिकार और अवसर से वंचित किया गया था, में समान अधिकार सुनिश्चित करने के लिए कार्य करना।
हमारे प्रयास
सिलाई मशीन केंद्र
हमने अप्रैल 2019 में बहराइच जिले के बभनियावाँ गाँव में हमारे ग्राम शिक्षाएवं सुचना केंद्र (GSSK) में अपना सिलाई मशीन केंद्र शुरू किया है। सभी आयु वर्ग की लड़कियां और स्त्रियाँ हमारे केंद्र में आती हैं। यह कार्यक्रम सिलाई मशीन चलाने, कढ़ाई, कला इत्यादि के साथ-साथ डिजाइनिंग कौशल में प्रशिक्षण पर जोर देता है जो भविष्य में उनकी आजीविका में सहायता कर सकता है।
सिलाई मशीन केन्द्र पर सिलाई प्रशिक्षण प्रदान करने के अतिरिक्त, वैसी लड़कियों और नवविवाहित स्त्रियों को, जिन्होंने छोटी उम्र में ही अपना अध्ययन छोड़ दिया था, पढाया भी जाता हैं। यहाँ लड़कियों और स्त्रियों को आधुनिक संचार प्रौद्योगिकियों और अंग्रेजी भाषा के कौशल के बारे मे पढाने के साथ-साथ उनके अधिकारों के बारे मे भी बताया जाता हैं।